मध्यप्रदेश में खुलेंगे 9200 सी.एम.राइज स्कूल,CM के समक्ष हुआ कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण।
भूमिका भास्कर न्यूज भोपाल
मुख्यमंत्री श्री Shivraj Singh Chouhan ने कहा है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में गुणवत्ता शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कुल 9200 सी.एम.राइस स्कूल खोले जाएंगे। इन स्कूलों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को ज्ञान, कौशल तथा नागरिकता के संस्कार देना है। साथ ही भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों की शिक्षा देना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के समक्ष आज मंत्रालय में सी.एम.राइज स्कूल की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। बैठक में स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) श्री Inder Singh Parmar वीसी से शामिल हुए। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा आदि उपस्थित थे।
4 स्तरों पर सी.एम. राइज स्कूल प्रस्तावित
प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि प्रदेश में चार स्तरों जिला, विकासखंड, संकुल एवं ग्रामों के समूह स्तरों पर सी.एम. राइज स्कूल प्रस्तावित हैं। जिला स्तर पर प्रत्येक जिले में 01 (कुल 52) सी.एम. राइज स्कूल होगा, जिसमें प्रति स्कूल 2000 से 3000 विद्यार्थी होंगे। विकास खंड स्तरीय कुल 261 स्कूल होंगे, जिनमें प्रति स्कूल 1500 से 2000 विद्यार्थी होंगे। इसी प्रकार संकुल स्तरीय 3200 स्कूल होंगे, जिनमें प्रति स्कूल 1000 से 1500 विद्यार्थी होंगे। ग्रामों के समूह स्तर पर 5687 सी.एम.राइस स्कूल होंगे, जिनमें प्रति स्कूल 800 से 1000 विद्यार्थी होंगे।
8 मुख्य विशेषताएं
सी.एम.राइज विद्यालयों की 8 प्रमुख विशेषताएं होंगी, अच्छी अधोसंरचना, हर विद्यार्थी के लिए परिवहन सुविधा, नर्सरी/ केजी कक्षाएं, शत प्रतिशत शिक्षक एवं अन्य स्टाफ, स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लर्निंग, सुसज्जित प्रयोगशालाएं एवं समृद्ध पुस्तकालय, व्यावसायिक शिक्षा तथा अभिभावकों की सहभागिता।