बंडा में निशंक एजेंसी सील, एक लायसेंस नंबर से 3 लेवल की कर रहे थे तेल पैकिंग।
आशीष जैन सागर 7354469594- श्री शिवराज सिंह चौहान के मध्यप्रदेश को मिलावट से मुक्त बनाने के अभियान के तहत सागर कलेक्टर श्री दीपक आर्य के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमरीश दुबे द्वारा सोमवार को बंडा की निशंक एजेंसी में छापामार कार्रवाई की गई। यहां खाद्य तेल को जप्त कर एजेंसी को सील किया गया है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमरीश दुबे ने बताया कि एजेंसी में एक लाइसेंस नंबर लेकर तीन नंबरों से तेल पैकिंग की जा रही थी। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है और प्रतिष्ठान को सील कर क्रय विक्रय पर रोक लगा दी गई है। प्रतिष्ठान का नाम निशंक एजेंसी, झंडा चौक, बंडा है।
श्री दुबे ने बताया कि बंडा क्षेत्र में कुछ एजेंसियां, जिनके पास अधिकृत वैधानिक रूप से लाइसेंस नहीं है, तेल के टैंकर मंगाकर तेल की पैकिंग कर रही हैं। मौके पर जाकर बंडा में निशंक एजेंसी की जांच की गई जहां उनके द्वारा एक लाइसेंस नंबर लिया गया था जबकि उनके पास तीन अलग-अलग नंबरों के लेवल पाए गए। यहां अलग-अलग पाउच, बॉटल और टीन पर लगा कर तेल की पैकिंग कर विक्रय किया जा रहा था। वैधानिक रूप से उक्त कार्य सही न पाए जाने से एजेंसी का लाइसेंस निलंबित कर दिया है और क्रय विक्रय पर रोक लगा दी गई है।
