आखिर क्यों चर्चित हुआ मिलिन्द्र का पत्र?
भाजपा के नाम खुला पत्र लिखा मिलिन्द्र त्रिपाठी ने,कहा कार्यकर्ताओ की सुध भी लो
बड़ावदा-शिरीष सकलेचा
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद व प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष प्रो.चिंतामणि मालवीय के निज सहायक रहे,भाजपा कार्यकर्ता डॉ.मिलिन्द्र त्रिपाठी उज्जैन ने अपने फेसबुक पर 26 अप्रैल को एक संवेदनशील पत्र पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा कि
सभी को मेरा नमस्कार कृपया पूरे पत्र को ध्यान से पढ़िएगा ।
परम मित्र उज्जैन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी स्व. पंकज चौहान जी की महज 28 वर्ष की उम्र में असामयिक मृत्यु हुई है । यह हादसा किसी के साथ कभी भी हो सकता है । आज अगर पंकज भाई के लिए आवाज नही उठाई तो कल पार्टी के अन्य कार्यकर्ता के जाने के बाद उनके परिवार के साथ भी यही सब पुनरावृत्ति हो सकती है ।
मेरा भाई समान दोस्त पंकज चौहान आज इस दुनिया मे नही है । आज से करीब 1.5 वर्ष पूर्व ही उनकी शादी हुई 4 मार्च 2022 को ही उनके पुत्र का जन्म हुआ । आज उनके जाने के बाद बड़े बड़े नेता शोक व्यक्त करने घर आ रहे है । अच्छी बात है आना भी चाहिए ,लेकिन क्या केवल ॐ शांति लिखने और घर जाने से दायित्व की इतिश्री हो जाएगी । केंद्र से लेकर राज्य तक भाजपा की सरकार है ।स्व.पंकज चौहान जी की पत्नी के लिए (भाभी जी एम ए हिंदी तक शिक्षा प्राप्त है )एक सरकारी नौकरी की व्यवस्था नही की जा सकती ? ताकि उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके । विश्व की सबसे बड़ी पार्टी सबसे ज्यादा आजीवन सहयोग राशि प्राप्त करने वाली पार्टी क्या अपने कार्यकर्ताओं के लिए एक ग्रुप इंश्योरेंस नही करवा सकती ताकि जो आजीवन सहयोग निधि जमा करें उसकी मृत्यु पर 10 लाख परिवार को मिले । छोटी छोटी कम्पनी अपने वर्कर का ध्यान रखती है उनका समूह जीवन बीमा करवाती है इतनी बड़ी पार्टी के कर्ताधर्ता क्या यह छोटा सा फैसला नही ले पाते ?बड़े दुख के साथ लिखना पड़ रहा है कि कोरोना काल मे भी हमने भाजपा के अनेक कार्यकर्ता खोए जिनके घर सरकार द्वारा या पार्टी के द्वारा 1 रु तक कि मदद नही पहुंची ।
पंकज भाई जैसे कार्यकर्ता जो कोई नौकरी नही करते थे ग्रामीण क्षेत्र में छोटी सी दुकान थी जिससे परिवार का पेट पालते थे । लेकिन बावजूद इसके वो पूरे समय पार्टी के लिए काम करते रहते थे । उस दिन भी पार्टी नेताओं को फोटो अपलोड करते करते ही अचानक उन्हें अटैक आया । पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता जो दिनरात पार्टी के लिए लगे रहते है उनकी कद्र करनी चाहिए । कार्यकर्ता के दमपर ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है । केरल ,बंगाल,कश्मीर में रोज भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत की खबरे आती है केवल एक दिन पोस्ट अपलोड होती है बाद में उनके परिवार को उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है । कब उनकी चिंता की जाएगी ? या केवल कार्यकर्ता उपयोग करो और फेक दो की नीति का हिस्सा है ?
–
