किसने जमा किया पहले पार्षद पद हेतु नामांकन जाने ?
नगर परिषद में पार्षद हेतु पहला नामांकन कांग्रेस के दिनेश लड्ढा ने किया दाखिल
शिरीष सकलेचा।बड़ावदा
13 जुलाई को नगर परिषद के होने वाले चुनाव को लेकर शनिवार से नामांकन जमा करने का कार्य यहां तहसील कार्यालय पर शुरू हो चुका है । प्रथम दिन कांग्रेस के दिनेश लड्ढा ने वार्ड क्रमांक 15 से अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर राजेश श्रीमाल को शुभ मुहूर्त में प्रातः 11.30 बजे अपना फॉर्म जमा किया। रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि आज सिर्फ एक ही नामांकन प्राप्त हुआ है।
कांग्रेस नेता दिनेश लड्ढा पूर्व नपा अध्यक्ष श्रीमती निर्मला लड्ढा के पति है ।इस बार उन्होंने वार्ड क्रमांक 15 अनारक्षित सीट से चुनाव लड़ने का मन बनाया है। पार्टी की ओर से लगभग उनका टिकट भी तय है। अध्यक्ष पद अनारक्षित होने से दिनेश लड्ढा की निगाह अध्यक्ष पद की कुर्सी पर दिखाई पड़ रही है ।5 वर्ष तक पत्नी के अध्यक्ष बनने के साथ उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से अध्यक्ष की भूमिका निभाकर नगर को एक अच्छी सरकार देने का प्रयास किया था। उसके बाद लंबे अंतराल के बाद खुद इस चुनावी समर में उतर कर एक बार पुनः अध्यक्ष पद पर काबिज होने का सपना देख रहे हैं।
