चोरी की योजना बनाते 5 आरोपी गिरफ्तार, लूट की वारदात में थे शामिल, पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा।
राहुल उपाध्याय की रिपोर्ट
कटनी। शहर के झुरही टोला में डकैती की योजना बनाते पुलिस ने पांच आरोपियों को देशी कट्टा, कारतूस, बका और गुप्ती के साथ गिरफ्तार किया है। तीन दिन के अंदर दो जगहों पर मोबाइल लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल के रख दी थी। जिसके बाद पुलिस की गश्ती तेज की गई। कुठला पुलिस को रात में मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ लोग संदिग्ध बैठे हुए है। कुठला पुलिस ने चार टीमों का गठन किया। घेराबंदी करते हुए स्वप्निल निषाद (20) निवासी, रवि निषाद (21), टुईया उर्फ हेमंत निषाद (18) तीनों निवासी आधार काप, अन्नू उर्फ अरुण निषाद (19) निवासी इंद्रानगर और अजय पाण्डेय (21) निवासी सरला नगर को मौके से गिरफ्तार किया। डकैती और लूट की नियत से आरोपी अपने पास हथियार रखे हुए थे। आरोपी यहां पर तीन मोटरसाइकिल में पहुंचे थे। साथ ही दो मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किए । जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
-: लूट की वारदात में थे शामिल
पुलिस के सामने पूछताछ में आरोपी स्वप्निल निषाद और अरुण निषाद ने मोबाइल लूट की दो घटनाएं स्वीकारीं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह शहर में हुई दो मोबाइल लूट में शामिल थे लूटा गया मोबाइल जब्त कर लिया गया है। 23 अगस्त को आरोपियों ने कुठला थाना क्षेत्र के चाण्डक पेट्रोल पंप के समीप वृद्ध सुरेश कुमार अग्रवाल उम्र (60) वर्ष का मोबाइल झपट्टा मारकर लूट लिया था। इसी तरह से 24 अगस्त को आरोपियों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के राहुल बाग के समीप हरिओम त्रिपाठी की मोबाइल लूटा था।
लूट के लगातार मामले को देखकर एसपी मयंक अवस्थी और एएसपी मनोज केडिया के निर्देश पर तीन थाना क्षेत्र के पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी। कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अजय सिंह, एनकेजे थाना प्रभारी नीरज दुबे, बस स्टैण्ड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय की अगुवाई में टीमों का गठन किया गया था। आरोपियों को पकडऩे में भूमिका निभाने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने पुरुस्कृत करने की भी घोषणा की है।
