प्रदीप उपाध्याय ने बड़ावदा में क्या कहा जाने?
चुनाव प्रभारी प्रदीप उपाध्याय बोले—
रिकमेन्ट पर नहीं, जीतने वालों को उतारेंगे चुनावी मैदान में, अंतिम फैसला कोर कमेटी करेगी
शिरीष सकलेचा- बड़ावदा
नगर परिषद बड़ावदा के 15 वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों के चयन को लेकर सोमवार को यहां एक बैठक आयोजित कर पार्षद पद के दावेदारों से आवेदन लेकर चुनावी चर्चा करते हुए चुनाव प्रभारी प्रदीप उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को दो टूक शब्दों में कहा कि हमें हर हाल में भाजपा को जिताना है। जिन्हें टिकट नहीं मिले वह पार्टी के लिए काम करें।
भाजपा नगर कार्यसमिति की इस बैठक में पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत ने भी अपना मार्गदर्शन दिया। इस दौरान चुनाव सह प्रभारी लोढ़ा, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ जिला संयोजक मांगीलाल अजमेरा, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सौरभ हिंगड़, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष शांति लाल कटारिया, पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रदीप मेहता मंचासीन थे। जिनका भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला से स्वागत किया। माना जा रहा था कि यह बैठक हंगामेदार हो सकती है लेकिन शांतिपूर्वक माहौल मैं संपन्न होने से चुनावी चटकारे लेने वाले लोगों को निराशा हाथ लगी।
बैठक में नगर के 15 वार्डों के लगभग 40 पार्षद पद के दावेदारों ने अपने आवेदन दिए। आवेदन लेने के बाद उपाध्याय ने पार्टी द्वारा बनाई गई गाइडलाइन का हवाला दिया ।आपने बताया कि तीन बार पार्षद रहने वाले दावेदारों को मौका देने के बजाय नए चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। लेकिन यदि किसी वार्ड में अन्य प्रत्याशी चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है तो उस नाम पर पर भी कोर कमेटी करेगी। आपने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है और इस पार्टी में हर कार्यकर्ता जनता की सेवा करने के लिए उत्सुक है लेकिन हमें 15 लोगों को मैदान में उतारना है इसलिए यह स्पष्ट है कि अन्य लोगों को उनका सहयोग कर नगर परिषद में भाजपा का कमल खिलाना है।
पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बड़ावदा नगर का मजबूत किला है और हमें सब मिलजुल कर यहां एक बार पुनः भाजपा की परिषद बनाना है। जिससे नगर का विकास और तेज गति से बढ़ सके। संचालन मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने किया। आभार युवा मोर्चा अध्यक्ष सौरभ हिंगड़ ने माना।
भूमिका भास्कर से चर्चा करते हुए चुनाव प्रभारी उपाध्याय ने कहा कि हमें जो आवेदन प्राप्त हुए हैं। उनके तीन-तीन नामों के पैनल तैयार कर कोर कमेटी की बैठक में रखे जाएंगे। उसके बाद जिला कोर कमेटी इन नामों पर चर्चा करते हुए टिकट तय करेगी। आपने कहा कि रिकमेन्ट पर नहीं जीतने वाले उम्मीदवारों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। आपने बताया कि संभवतः 16 जून तक सभी टिकट तय कर दिए जाएंगे ।
