विधायक तरवर सिंह ने ली समीक्षा बैठक,SDM सहित सभी विभागों के अधिकारी रहे मौजूद।
आशीष जैन की रिपोर्ट
बंडा : स्थानीय तहसील कार्यालय बण्डा में विधायक श्री तरवर सिंह (बंटू भैया) की अध्यक्षता में बण्डा अनुविभाग के समस्त विभागों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया विधायक ने सर्व प्रथम समस्त विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों से कहा कि जितने भी कार्य लंबित है, उनको समय सीमा में पूर्ण कर पालन प्रतिवेदन आगामी समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करें। बण्डा नगर की वर्तमान व्यवस्था को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी से स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक सप्ताह के अन्दर सभी कार्य ( सी.सी रोड़, नाली निर्माण, नालियों की सफाई, आवासीय कुटीरों की किस्ते एवं समय पर पेय जल आपूर्ति) पूर्ण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। श्री सिंह ने वर्तमान में विभिन्न ग्रामों में अलग-अलग घटनाओं के लेकर तहसीलदार बण्डा एवं शाहगढ़ से कहा कि बरसात से जो लोगों के मकान या दीवार क्षतिग्रस्त हुये है उनका पटवारी से जांच प्रतिवेदन लेकर समय सीमा में निराकरण करें। इसके साथ ही कृषकों के लंबित पडे़ फौती एवं नामांतरण के प्रकरण अविलंब निराकरण के निर्देश दियें। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि राशन दुकानों में जो हितग्राहियों को राशन दिया जाता है, उसमें हितग्राहियों को आवश्यक तौर पर आवंटित राशन की तौल पर्ची प्रदान की जावें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी बण्डा व शाहगढ़ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी बण्डा व शाहगढ़ को निर्देश दिये कि जिन हितग्राहियों के अभी तक शौचालय नहीं बने है सर्वे कार्य करा कर तात्कालिक रूप से उनके शौचालय स्वीकृत कर हितग्राहियों को लाभांवित करें। इसके साथ ही जो ग्राम मुख्य सड़क से अभी तक नहीं जुड़े है उनका तत्काल सर्वे करा कर मुख्य सड़क से जोड़ने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये। मुख्य कार्यपालन अधिकारी बण्डा व शाहगढ़ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी बण्डा व शाहगढ़ को कहा कि मुझे लोगों द्वारा यह जानकारी मिल रही है कि किसी के परिवार में मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को अंत्येष्टि राशि अथवा राष्ट्रीय परिवार सहायता राशि समय पर नहीं मिलती और पीड़ित परिवार कार्यालयों के चक्कर काट कर परेशान हो जाते है यह अच्छी बात नहीं है। इस संबंध में शीघ्र ही पीड़ित परिवार को संबंधित राशि उपलब्ध कराई जावे।
